फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: पंपों पर डीजल नहीं, किसान परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में डीजल की भारी किल्लत ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेती-किसानी के सबसे महत्वपूर्ण समय में अधिकांश पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध न होने से किसान परेशान हैं। धान की बेहन, खेतों की जुताई और सिंचाई जैसे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, प्रशासन और तेल कंपनियों के पर्याप्त ईंधन उपलब्ध होने के दावे जमीनी हकीकत से मेल खाते नहीं दिख रहे हैं।
विज्ञापन

सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों की स्थिति का जायजा लेने पर अधिकांश स्थानों पर डीजल संकट साफ दिखाई दिया। मदनपुरा स्थित एचपी पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद मिला। खोनहौली का इंडियन ऑयल पंप भी बंद रहा। रायपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर केवल पेट्रोल की बिक्री की जा रही थी, जबकि डीजल उपलब्ध नहीं था। नगर के भारत पेट्रोलियम पंप पर ताला लटका मिला। सिरौली स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर भी केवल पेट्रोल ही मिल रहा था। वहीं, रुदौली स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों ने डीजल समाप्त होने की जानकारी दी।
डीजल संकट के बीच क्षेत्र के चौधरी पेट्रोल पंप पर ही ईंधन उपलब्ध होने की सूचना मिलते ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही किसान ट्रैक्टर, बाइक और डिब्बे लेकर लाइन में खड़े दिखाई दिए। कई किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा, तब जाकर उन्हें सीमित मात्रा में डीजल मिल सका। भीषण गर्मी और उमस के बीच कतार में खड़े किसानों की परेशानी साफ झलक रही थी।
विज्ञापन

किसानों का कहना है कि डीजल नहीं मिलने से ट्रैक्टर और पंपिंग सेट बंद पड़े हैं, जिससे खेतों की जुताई और सिंचाई प्रभावित हो रही है। धान की रोपाई का समय चल रहा है और यदि समय पर खेत तैयार नहीं हुए तो फसल उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। किसानों ने बताया कि कई लोग रात से ही डीजल के इंतजार में पेट्रोल पंपों पर डेरा डाले हुए हैं, लेकिन पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय किसानों का आरोप है कि जिले में पेट्रोलियम उत्पाद उपलब्ध होने के बावजूद अधिकांश पेट्रोल पंपों का बंद रहना कई सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का कहना है कि यदि आपूर्ति सामान्य है तो फिर क्षेत्र में डीजल संकट क्यों बना हुआ है। किसानों ने प्रशासन और तेल कंपनियों से तत्काल स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेती के सीजन में डीजल की किल्लत किसानों के लिए दोहरी मार साबित हो रही है। पहले से महंगे बीज, खाद और सिंचाई की लागत से जूझ रहे किसानों के सामने अब डीजल संकट नई परेशानी बन गया है। यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो खेती-किसानी पर गंभीर असर पड़ सकता है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों पर तत्काल डीजल उपलब्ध कराया जाए तथा जमाखोरी और कृत्रिम संकट की भी जांच कर कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें