कतार में लगने के बाद भी नहीं मिली रकम
- फोटो : अमर उजाला
निचलौल (महराजगंज)। कस्बे के थाना रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में कैश न होने के कारण भुगतान काउंटर पर शनिवार को पहुंचे उपभोक्ता परेशान रहे। वहीं पेंशन लेने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचीं बुजुर्ग महिलाएं शाम तक कैश आने का इंतजार करते रहीं।
ग्रामीण क्षेत्रों से आए उपभोक्ता अयोध्या, बढ़ई शर्मा, रामबली साहनी, मनोरमा देवी, शांन्ती देवी आदि लोगों का कहना था कि शनिवार को सुबह जैसे ही बैंक खुला तो रकम निकासी के लिए कतार में खडे़ हो गए, लेकिन कैश न होने के कारण निराशा ही हाथ लगी। कैश कब आयेगा, इस बात की जानकारी किसी ने नहीं दी। इन सभी लोगों ने कहा कि भूखे-प्यासे बैठकर कैश आने का इंतजार करना पड़ा। भीड़ को देखते हुए बैंक कर्मियों द्वारा भुगतान काउंटर पर कैश न होने का नोटिस चस्पा कर औपचारिकता पूरी की गयीं। कबेलवा निवासी तुलसी का कहना था कि कई दिनों से बैंक रकम के लिए आ रहे हैं लेकिन कभी सर्वर बंद मिल रहा है तो कभी रकम न होने की बात कहकर बैंक कर्मी लौटा दे रहे हैं। इस संबंध में शाखा प्रबंधक संदीप कुमार ने बताया कि बैंक में कैश न होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही हैं। इस समस्या के निस्तारण को लेकर अधिकारियों को सूचना दी गई। कैश की समस्या को जल्द दूर कर लिया जाएगा।