एटीएम में कैश नहीं, लोग परेशान
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। बैंक में कैश की किल्लत से सभी परेशान हैं। एटीएम से पर्याप्त रकम नहीं मिल रही है। एटीएम में कैश भरने के थोड़ी देर बाद ही रुपये खत्म हो जा रहे हैं। सोमवार को बैंकों के एटीएम से रकम मिलना मुश्किल हो गया। लोगों ने बताया कि कुछ एटीएम में रुपये डाले भी गए तो दो से तीन घंटे में ही एटीएम खाली हो गए। शहर के मात्र 20 प्रतिशत एटीएम में ही कैश डाले जा सके थे जबकि 80 प्रतिशत एटीएम खाली रहे।
छुट्टी होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहीं। वहीं अधिकांश एटीएम भी खाली रहे। भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम पर नो कैश का बोर्ड लगा दिया गया था जिससे वहां पहुंचने वालों को निराश होकर लौटना पड़ रहा था। यही हाल शहर के तमाम एटीएम का रहा। कुछ एटीएम में रुपये थे तो वहां लंबी कतार लगी रही। बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम के पास कतार में खडे़ सुरेश ने बताया कि लंबी लाइन लगी है। पता नहीं नंबर आते आने पर रुपये मिल पाएंगे अथवा नहीं। वहीं महेंद्र, रमेश और जितेंद्र ने भी एटीएम से पर्याप्त कैश नहीं मिलने से होने वाली समस्याओं का जिक्र किया। ग्रामीण क्षेत्र के एटीएम में भी रकम नहीं मिलने से लोग परेशान रहे। सोमवार की सुबह 15 से 20 प्रतिशत एटीएम में किसी तरह कैश भरे गए, जो कुछ ही समय में खालीहो गए। कई एटीएम तो एक सप्ताह से रकम नहीं है। उन लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है जिनके यहां मांगलिक कार्यक्रम हैं। किसानों की खेती भी प्रभावित है। भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य शाखा प्रबंधक मोहम्मद अफजल का कहना है कि एटीएम में पर्याप्त रुपये हैं। उनका कहना था कि लोगों को कोई परेशानी न हो, इसका ख्याल रखा जा रहा है। बैंक के एटीएम में रकम हमेशा भरा रहता है। उनका कहना था कि अगर खाली है तो उसे तुरंत भरवा दिया जाएगा। लोगों को अब डिजिटल लेनदेन पर विशेष जोर देना चाहिए।