महराजगंज/सोनौली। नेपाल में भारी वर्षा के कारण बाढ़ और भूस्खलन से नारायण घाट मुगलिंग सहित नौ सड़क खंड पूरी तरह से अवरुद्ध हो गए हैं, जबकि 159 सड़क खंड पर भर आवागमन प्रभावित हुआ है। इन पर बारी-बारी से आने और जाने वाले वाहनों को भेजा जा रहा है। सड़क विभाग के मुताबिक भूस्खलन के बाद मलबा हटाने का काम जारी है। विभाग ने बाढ़ और भूस्खलन जैसी मानसूनी आपदाओं के कारण रात में यात्रा न करने की लोगों से अपील की है।
जल एवं मौसम विज्ञान विभाग के अंतर्गत मौसम पूर्वानुमान प्रभाग के अनुसार, कोशी, बागमती, गंडकी, लुंबिनी में कुछ स्थानों पर गरज/बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस कारण इन क्षेत्रों में बाढ़, भूस्खलन और कटाव जैसी परेशानी आ सकती है। विभाग ने लोगाें से सावधानी बरतने का अनुरोध किया है।
उधर, सोमवार सुबह पृथ्वीराज मार्ग के अंतर्गत चितवन में इच्छाकामना-3 मछली गांव पालिका में भूस्खलन हुआ, जिससे मार्ग बंद है। चितवन पुलिस डीएसपी भेषराज ने बताया कि मौके पर यातायात पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। जल्द आवागमन शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा डुमरे-बेंसिसहर-चामे, तानसेन-रेडी-कोरला, पुष्पलाल (मध्यपहाड़ी) राजमार्ग, बगलुंग और डोटी सहित सड़क खंड पूरी तरह से अवरुद्ध हैं।
12 वें दिन भी बस यात्रियों की तलाश जारी
सोनौली। भरतपुर नगर निगम-29 स्थित नारायणगढ़-मुगलिंग सड़क खंड पर सिमलताल के त्रिशूली में गिरी दो बसों और यात्रियों की तलाश मंगलवार को 12वें दिन भी जारी रही। सिमलटाल से लेकर केदाबाड़ी तक संदिग्ध वस्तु दिखने के बाद दोबारा खोजबीन शुरू की गई। नेपाल के सुरक्षाकर्मियों सहित भारत के राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के 12 जवानों की एक तकनीकी टीम द्वारा संयुक्त खोज की जा रही है। मुख्य जिला अधिकारी इंद्रदेव यादव के अनुसार, राडार द्वारा उस क्षेत्र में एक संदिग्ध वस्तु दिखाए जाने के बाद मंगलवार सुबह फिर से तलाशी शुरू की गई। उन्होंने बताया कि धुंधला और नदी में पानी के तेज बहाव के कारण भारतीय टीम को परेशानी हो रही है, उन्होंने कहा कि यह संदिग्ध वस्तु मानकर दोबारा उसी स्थान पर तलाश शुरू की गई। संवाद