गांव से नगर बने चौक में मतदान, युवतियों में दिखा उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
बागापार। चौक बाजार को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद बृहस्पतिवार को पहली बार अध्यक्ष व सभासद पद के लिए मतदान हुआ। समाज के हर वर्ग के लोगों में उत्साह दिखा। कस्बे की युवतियों ने शहर की सरकार बनाने में भागीदारी निभाकर खुश दिखी। सभी ने यह कहा कि आने वाले दिनों में सुविधाएं बढ़ेंगी। बेटियों के हित के लिए बेहतर कार्य होंगे। युवक-युवतियां मतदान करने के लिए घंटों अपनी बारी की प्रतिक्षा करते रहे।
पहली पर मतदान करने आई शबनम ने कहा कि गांव से नगर बनने का सपना ही बड़ा उपहार है। पहले नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव करने में अच्छा लग रहा है। यह हमेशा याद रहेगा।
मतदान कर उत्साहित ललिता ने कहा कि चौक दशकों से उपेक्षित रहा है, लेकिन अब इसके दिन बहुरने वाले हैं। यहां की सभी समस्याओं का समाधान होगा। इसे ध्यान में रखते हुए मतदान किया गया है।
युवा मतदाता चांदनी ने कहा कि शहर जैसी बेहतर सुविधा यहां भी मिले, इसे ध्यान में रखते हुए वोट डाला गया है। इस पिछड़े क्षेत्र का विकास आने वाले दिनों में जरूर होगा।
पहली बार मतदान करने आई सलमा ने कहा कि चौक बाजार पहले गांव था, अब नगर बन गया है। यह सौभाग्य की बात है कि पहले अध्यक्ष को चुनने का मौका मिला है।