15 एकड़ में बन रहे मेडिकल कालेज का 80 प्रतिशत से ज्यादा काम हुआ पूरा, तेजी से कराया जा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में मेडिकल की पढ़ाई के साथ बेहतर इलाज की सुविधा अगले साल से शुरू हो जाएगी। 15 एकड़ में बन रहे मेडिकल कालेज का 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। गेट के साथ ही प्रशासनिक बिल्डिंग से लेकर एकेडमिक बिल्डिंग भी बनकर तैयार हो चुकी है। मेडिकल में 350 सीटों पर अगले साल परीक्षा के जरिए प्रवेश होगा। 200 करोड़ की लागत से मेडिकल कालेज बन रहा है।
जानकारी के अनुसार, महराजगंज जिले में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पीपीपी माॅडल मेडिकल कालेज दिया गया है। शांति फाउंडेशन को मेडिकल कालेज मिला है। मेडिकल कालेज निर्माण का रम्हौली में हो रहा है। परिसर का अभी सुंदरीकरण नहीं हुआ है, लेकिन सभी बिल्डिंग बनकर तैयार हो चुकी है। अंदर फिनिशिंग से लेकर वायरिंग आदि कराई जा रही है। काम कर रहे मजदूरों ने बताया कि बीते दिनों रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण काम थोड़ा प्रभावित हो रहा है। निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। सभी कार्य पूरा होने में करीब पांच माह का वक्त लगेगा। छात्रावास, मेस, प्रशासनिक बिल्डिंग से लेकर एकेडमिक बिल्डिंग बनकर तैयार है। कार्यदायी संस्था के कर्मी सरिया काटने में जुटे हुए थे। बिल्डिंग की रंगाई पुताई अंदर से कराई जा रही थी। बाहर से भी ज्यादातर हिस्सों की सफेदी हो चुकी है। बारिश के कारण काम थोड़ा प्रभावित दिख रहा था, लेकिन मौके पर मजदूर जरूरी काम में जुटे हुए थे।
जिले की 30 लाख की आबादी को होगा फायदा
मेडिकल कालेज बनने से जिले की 30 लाख की आबादी को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगा। उनको गंभीर रोगों के इलाज के लिए गोरखपुर नहीं जाना पडेगा। नजदीक में इलाज की सुविधा होने से समय व रकम दोनों की बचत होगी।
आधुनिक संसाधनों से लैस होगा मेडिकल कॉलेज
मेडिकल में बेहतर ढंग से पढ़ाई की सुविधा होने के साथ ही अत्याधुनिक संसाधनों होंगे। लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। हाईटेक ट्रामा सेंटर होगा, इससे गंभीर रूप से घायलों को त्वरित इलाज की सुविधा मिलेगी। हृदय रोगियों के लिए भी अच्छी सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
जिले के लिए यह गौरव की बात है कि मेडिकल कालेज अगले वर्ष शुरू हो जाएगा। आने वाले वक्त में बदलता हुआ अपना महराजगंज दिखेगा।
डॉ. एके गुप्त, चिकित्सक
मेडिकल की पढ़ाई के लिए जिले के युवाओं का बाहर नहीं जाना पडेगा। परीक्षा पास करने के बाद पात्रता पूरी होने पर दाखिला मिल सकेगा।
संजय पटेल, कारोबारी
-
जिले में रोजगार के अवसर भी बढेंगे। मेडिकल कालेज से शिक्षा व इलाज ही नहीं तमाम लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
डॉ. शांति शरण मिश्र, सुभाष नगर
-
गुजरे वक्त तो याद करने पर एहसास होता है कि अब महराजगंज में बहुत कुछ हो गया है। आने वाले वक्त में मेडिकल कालेज भी संचालित हो जाएगा तो बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी।
डॉ. राकेश राय कौशिक
-
मेडिकल कालेज का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। ज्यादातर हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है। प्रत्येक दिन कार्यों की निगरानी के लिए टीम लगी है। अगले वर्ष से पढ़ाई और इलाज की सुविधा बेहतर ढंग से शुरू हो जाएगी।
विनय कुमार श्रीवास्तव, चेयरमैन, निर्माणाधीन मेडिकल कालेज