परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कतरारी में पुरानी रंजिश को लेकर भतीजे ने अपने चाची के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उसने घर में रखी रुखानी से चाची के सिर और हाथ पर ताबड़तोड़ वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कतरारी की रहने वाली रेनू शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह वह घर की साफ-सफाई कर रही थी। अचानक उसका भतीजा आया और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर घर में रखी रुखानी से हमला कर दिया। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला ने कतरारी चौकी पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। चौकी प्रभारी राम रतन यादव ने बताया तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।