संवाद न्यूज एजेंसी
ठूठीबारी। नेपाल पुलिस ने भारतीय सीमा क्षेत्र से तस्करी कर नेपाल ले जाए जा रहे 13 लाख 10 हजार रुपये मूल्य के सामान को जब्त किया है। नवलपरासी जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पशु, किराना सामान, इलेक्ट्रिक उपकरण, पीतल की मूर्तियां, कपड़े और पटाखे बरामद किए।
जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी डीएसपी मदन थापा ने बताया कि बरामद सामान में एक लाख 70 हजार 500 रुपये मूल्य के ब्रॉयलर मुर्गे, बकरियां और सुअर के बच्चे शामिल हैं।
इसके अलावा एक लाख 57 हजार रुपये मूल्य के मटर और अन्य किराना सामान जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने पांच लाख 81 हजार रुपये मूल्य के इलेक्ट्रिक उपकरण भी बरामद किए। इनमें वॉशिंग मशीन में इस्तेमाल होने वाले वाटर स्विच जैसे सामान शामिल हैं। इसके अलावा दो लाख 97 हजार रुपये मूल्य की पीतल की मूर्तियां और सजावटी सामान, 66 हजार 600 रुपये के कुर्ते व अन्य कपड़े तथा 38 हजार रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए गए हैं।
डीएसपी मदन थापा के अनुसार, बरामद सभी सामान को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए महेशपुर कस्टम कार्यालय भेज दिया गया है।