महराजगंज। इन दोनों सुबह में ठंड का असर ज्यादा है। ऐसे में मॉर्निंग वॉक करने वाले सचेत रहें। अगर टहलने निकल रहे हैं तो पूरी सतर्कता के साथ निकलें। नहीं तो बीमार हो सकते हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में ठंड लगने से बीमार होने वाले प्रत्येक दिन 15 से 20 लोग पहुंच रहे हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि सुबह टहलने के दौरान थोड़ी सी लापरवाही हुई तो सेहत खराब हो सकती है। जिला अस्पताल में फिजिशियन डॉ. एवी त्रिपाठी ने बताया कि इस मौसम में सांस, बीपी, शुगर के मरीजों को सतर्कता बरतनी चाहिए। दिल के जिन मरीजों की नियमित दवा चलती है उन्हें भी सजग रहने की जरूरत है। थोड़ी सी लापरवाही से दिक्कत हो सकती है। ठंड से बचाव के कपड़े पहनकर सुबह टहलने के साथ ही व्यायाम व योग करना चाहिए। इन दिनों मौसम बदल रहा है। इसमें सभी को सावधानी बरतनी चाहिए। लापरवाही के कारण लोग वायरल इंफेक्शन की चपेट में आ जा रहे हैं और बुखार, सर्दी, जुकाम से पीड़ित हो जा रहे हैं।