महराजगंज। बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद ने की।
इस दौरान जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण, संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, परिवार नियोजन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना समेत अन्य राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई।
सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद ने सभी कार्यक्रमों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से आयुष्मान कार्ड निर्माण की गति बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजना से वंचित न रहने दिया जाए। गांव-गांव जाकर पात्र परिवारों का सत्यापन कर कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिया। इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. नीरज कुमार कन्नौजिया, डिप्टी सीएमओ राजेश द्विवेदी, डिप्टी सीएमओ केपी सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. अखिलेश यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।