सीएमओ कार्यालय पर गरजे स्वास्थ्य कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की जिला इकाई का कार्य बहिष्कार और धरना तीसरे दिन बुधवार को भी सीएमओ कार्यालय में जारी रहा। उधर, कार्य बहिष्कार के साथ ही धरना जारी रहने से जरूरी स्वस्थ्य सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं। इस बीच बुधवार को आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन सदर विधायक को सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि समान कार्य समान वेतन सहित अन्य मांगों के समर्थन में लंबे समय से आंदोलन किया जा रहा है। इसके बाद भी सरकार की तरफ से उनकी मांगों के प्रति अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने समान कार्य समान वेतन की व्यवस्था लागू करने, संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को जिला स्वास्थ्य समिति के अधीन करने व उनका स्थायी समायोजन करने की मांग की। । उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित कार्यक्रम के क्रियान्वयन में आशा कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वह लंबे समय से मानदेय देने की मांग की कर रही हैं। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को प्रति माह मानदेय दिए जाने की मांग की। उधर, संविदा स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य बहिष्कार व धरने के कारण जिला अस्पताल के अलावा विभिन्न सीएचसी व पीएचसी में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। डॉ. हरिकेश चौधरी, रिपुंजय कुमार पांडेय, डॉ. प्रज्ञानंद सागर, धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, शकुंतला कश्यप, हरिकेश बहादुर यादव, फिरोज आलम, साक्षीपाल, सूर्य प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।