‘मलेरिया से बचाव को सजग रहने की जरूरत’
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज/चौकबाजार। विश्व मलेरिया दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को सदर बीआरसी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्रथम में गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज द्वितीय के छात्रों ने भी प्रतिभाग किया। गोष्ठी में जल जनित रोग से बचाव के बारे में छात्रों को जानकारी दी गई।
एसीएमओ डॉ. आईए अंसारी ने कहा कि मलेरिया जल जनित रोग है। यह रोग मच्छरों से काटने से फैलता है। उन्होंने बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि यदि घर के आस पास जल जमाव होगा तो इसमें मच्छर पनपतें है। ऐसे में जल जमाव न होने दें। नालियों की नियमित सफाई व फागिंग के लिए सभी सीएचसी पीएचसी पर दवाएं भेंजी गई। उन्होंने कहा कि मच्छरों से संक्रामक बीमारियां होती हंै। ऐसे में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग किया जाए। ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि यदि किसी को बुखार या किसी प्रकार की बीमारी होती है तो सरकारी एंबुलेंस से नजदीक के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए जाए। पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्रथम के प्रधानाध्यापक बैजनाथ सिंह ने कहा कि प्रार्थना सभा के समय बच्चों को संक्रामक रोग से बचाव के बारे में जागरूक किया जाता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा में गोष्ठी का आयोजन हुआ। डॉक्टरों ने बताया कि मलेरिया को शुरुआती इलाज से ही नियंत्रित किया जा सकता है। इससे बचने के लिए अपने घर के आस पास गंदे पानी इकट्ठा न होने दें।