जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में मनाया गया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में शुक्रवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया गया। इस मौके पर एक से 19 साल के बच्चों और किशोर-किशोरियों को पेट से कीड़े निकालने की दवा एल्बेंडाजोल खिलाई गई। नारा दिया गया कि बच्चों को कृमि से मुक्ति दिलाएं और कुपोषण से बचाएं। इसके लिए एल्बेंडाजोल की दवा जरूर खिलाएं। छूटे हुए बच्चों को माप-अप राउंड में यह दवा खिलाई जाएगी। 11.72 लाख लक्षित आबादी को यह दवा खिलानी है।
ये बातें अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने जवाहर नवोदय विद्यालय महराजगंज में शुक्रवार को कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ करते हुए कहीं। उन्होंने करीब आधा दर्जन बच्चों को अपने हाथों दवा भी खिलाई । इसी के साथ जिले भर के आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) की शुरुआत हुई और दवा का सेवन बच्चों और किशोरों को कराया गया। अब माप अप राउंड के दौरान 12,13 और 14 फरवरी को छूटे हुए बच्चों को दवा खिलाई जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. केपी सिंह ने बताया कि यह दवा शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने सामने खिलाएंगे और किसी भी स्थिति में परिजनों को दवा नहीं दी जाएगी । कृमि के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए यह दवा सबसे बेहतर उपाय है।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य आरके राय ने बताया कि विद्यालय के करीब 500 बच्चों को दवा खिलाई गई। सभी विद्यार्थियों ने दवा चबाकर खाई। पिछले साल भी बच्चों को दवा खिलाई गई थी।
इस अवसर पर डॉ. वीर विक्रम सिंह, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के जनपदीय सलाहकार शिवेंद्र प्रताप श्रीवास्तव, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के जिला प्रबंधक डॉ. कमरूज्जमा लारी, डीसीपीएम संदीप पाठक, बीपीएम सूर्य प्रताप सिंह से मौजूद रहे।