अपात्रों को आवास देने से नाराज पात्र लाभार्थी जयश्री और लालपुर गांव के सड़क पर प्रदर्शन करते ग्र
नाराज ग्रामीणों ने जयश्री से लालपुर जाने वाली सड़क पर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। क्षेत्र केजयश्री गांव के नाराज ग्रामीण रविवार को जयश्री से लालपुर जाने वाली सड़क पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान के लिए वोट नहीं मांगने पर उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से कटवा दिया गया। ग्रामीणों ने सोमवार को ब्लॉक मुख्यायलय पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीण शिवनाथ, प्रहलाद चौधरी, सरोज, गीता, गोरख, चंद्रिका शर्मा, नियामत, महेश, जगदीश आदि ने बताया कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थी हैं। 2018 की सर्वे में उनका नाम आवास सूची में आया था। लोगों के टीन शेड और झोपड़ी के बने आशियाने का फोटो भी खिंचा गया। आरोप है कि चुनाव में प्रधान के लिए वोट नही मांगने पर उनका नाम सूची से कटवा दी गई। जबकि सूची में शामिल अपात्र लोगों को आवास दे दी गई।
ग्राम प्रधान श्यामानंद शुक्ल ने बताया कि सर्वे कराकर आवास योजना का लाभ दिलाया गया है। ग्रामीणों का आरोप निराधार है। खंड विकास अधिकारी मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं थी। जल्द टीम लगाकर आवास योजना के लाभार्थियों की जांच कराई जाएगी। अगर जांच में अपात्रों को आवास मिला पाया गया, तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।