नई कोट हाल्ट रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का टोटा
नौतनवां (महराजगंज)। गोरखपुर-नौतनवां रेल खंड पर नई कोट हाल्ट रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का टोटा है। ब्रिटिश काल में बने हाल्ट स्टेशन परिसर में बैठने के लिए बेंच, पीने का पानी, शौचालय, रोशनी और सफाई का अभाव है।
नई कोट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से यात्रा करने के लिए करीब 30 गांव के लोग आते हैं। भारत-नेपाल सीमा करीब होने के कारण यहां नेपाल के लोग भी ट्रेन से यात्रा करने आते हैं। यहां से छह सवारी गाड़ी का रोज आना-जाना है। हाल्ट स्टेशन होने के नाते एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं है।
मंगलवार सुबह करीब 200 यात्रियों ने गोरखपुर, नकहा जंगल, पीपीगंज आदि स्टेशनों का टिकट लिया था। स्टेशन पर शौचालय बना है, लेकिन उपयोग करने लायक नहीं है। स्टेशन परिसर में तीन इंडिया मार्का हैंडपंप लगे हैं। इनमें दो खराब हैं। विद्युत कनेक्शन है, लेकिन खंभों पर बल्ब नहीं होने से अंधेरा रहता है। स्टेशन परिसर में घास उग आई है। बेंच टूट गए हैं।
नई कोट गांव के अष्टभुजा पांडेय ने बताया कि अंग्रेजी हुकूमत में हाल्ट स्टेशन बना है। आज भी सुविधाओं की कमी है। जिम्मेदार समस्या दूर कराने के प्रति गंभीर नहीं हैं। छितरापार के सूर्य नारायण यादव ने बताया कि प्लेटफार्म नीचा होने के कारण बच्चों और बुजुर्गों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में दिक्कत होती है। नई कोट गांव के अवधेश सिंह ने बताया कि इंडिया मार्का तीन हैंडपंप मौजूद है, लेकिन दो खराब हैं। एक हैंडपंप का पानी शुद्ध नहीं है। गजरही गांव के अरुण कुमार सिंह बताते हैं कि स्टेशन के साथ ही परिसर में बना शौचालय निष्प्रयोज्य हैै।
...
कोट
खराब हैंडपंप जल्द ठीक करा दिया जाएगा। घास की सफाई कराई जाएगी। शौचालय के लिए उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाएगी। यात्री सुविधा बेहतर करने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी।
टीपी मल्ल, सीनियर सेक्सन इंजीनियर, आनंदनगर