भारतीय भाषा समर कैंप- 2026 के तीसरे दिन हुई संगीत, नृत्य और चित्रकला आधारित कार्यशाला
महराजगंज। चौक बाजार स्थित दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज में शुक्रवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। भारतीय भाषा समर कैंप- 2026 के तीसरे दिन संगीत, नृत्य और चित्रकला पर आधारित कार्यशाला आयोजित की गई। राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा माध्यमिक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के निर्देश पर यह आयोजन किया गया।
कार्यशाला में छात्र/छात्राओं को कला विषय के शिक्षक कृष्णानंद शुक्ला ने प्रशिक्षित किया। उन्होंने कहा कि चित्रकला मानवीय भावनाओं, विचारों और संस्कृति को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। यह न केवल रचनात्मकता और कल्पना को बढ़ाती है बल्कि मानसिक शांति, तनाव मुक्ति और ऐतिहासिक/सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह भाषा से परे संवाद का एक माध्यम है।
इसी क्रम में विद्यालय के संगीत शिक्षक अश्वनी तिवारी ने छात्र-छात्राओं को गीतों के माध्यम से भाषा सिखाने के साथ ही वाद्य यंत्र जैसे हारमोनियम, ढोलक तबला, गिटार, वीणा, बांसुरी, झांझ और तीन ढोल ड्रम आदि के माध्यम से छात्र/छात्राओं को सरगम व अलंकार की जानकारी दी। लेफ्टिनेंट शेषनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषा एवं सांस्कृतिक विविधता के प्रति सम्मान और रूचि विकसित करना है।
विद्यालय के होनहार छात्र हर्षित कुमार ने वाद्य यंत्र गिटार पर देश भक्ति गीत की शानदार प्रस्तुति देकर छात्र-छात्राओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन बिनोद कुमार विमल और संयोजन कृष्णानंद शुक्ला ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी और अधिकांश छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।