मृतक जितेन्द्र यादव (फाइल फोटो)
- फोटो : MAHARAJGANJ
जिला पंचायत सदस्य के बेटे की गोली मारकर हत्या
साथी गंभीर रूप से घायल, फरेंदा क्षेत्र के महुअवां गांव के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा (महराजगंज)। महुअवां गांव के पास सोमवार को जिला पंचायत सदस्य अमरावती के पुत्र जितेंद्र यादव (27) की बाइक सवार बदमाशों ने पुरानी रंजिश में गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के विरोध में जिला अस्पताल के सामने लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। दो माह पूर्व भी जितेंद्र को गोली मारी गई थी, जिसमें वह घायल हो गया था।
फरेंदा विकास खंड के वार्ड नंबर 28 हरैया बरगदवां की जिला पंचायत सदस्य अमरावती देवी के पुत्र जितेंद्र अपने मित्र चेहरी के जितेंद्र (24) के साथ किसी काम से महदेवा चौराहे गए थे। वहां से वे करीब दो बजे बाइक से लौट रहे थे। वे महुअवां गांव के करीब लघुशंका के लिए रुके। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जितेंद्र भागने लगे, लेकिन बदमाशों ने दौड़ाकर उनके सिर में गोली मार दी। उनके साथी जितेंद्र ने जब एक बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने उन्हें भी गोली मार दी। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले जाया गया। जितेंद्र की हालत नाजुक देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, मगर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई, जबकि साथी का इलाज वहीं चल रहा है। सूचना पाकर एसपी रोहित सिंह सजवान, एसडीएम राजेश जायसवाल, सीओ अशोक कुमार मिश्रा आदि मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि बदमाशों की तलाश चल रही है।