बात बुरी लगी, इसलिए कार चालक को मार डाला
- कार चालक की हत्या का पुलिस ने 12 घंटे में किया पर्दाफाश
- हत्यारोपी नेपाली नागरिक हरदी डाली चौराहे से गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के नौतनवां ठूठीबारी मार्ग पर पुरैनिया गांव के पास सोमवार देर रात कार चालक को धारदार हथियार से गोद दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी डॉ. कौस्तुभ रात में ही घटना स्थल पर पहुंचकर इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मंगलवार दोपहर में हत्यारोपी को पुलिस गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को चालक की एक बात बुरी लग गई थी, जिस पर उसने मार डाला था।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात कार चालक श्रवण पाठक (35) निवासी कोल्हुई गोरखपुर से युवक को गोरखपुर से नौतनवां कस्बे के ठूठीबारी रोड पर पुरैनियां गांव के पास ले गया। यहां कार चालक को कैंची से गोदकर गंभीर रुप से घायल करने के बाद युवक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को प्रारम्भिक जांच में मौके से एक बैग, कैंची के टुकड़े एवं कुछ कार्ड मिले। जिसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। आरोपी की तलाश में थाना सोनौली पुलिस के साथ ही एसओजी व स्वाट टीम भी लगी थी। इस बीच सुराग मिलने पर आरोपी सुदामा चौधरी निवासी कोटही माई गांव थाना मझगांवा जिला रुप्पनदेही, नेपाल को हरदीडाली तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह मानसिक रुप से परेशान है। छोटी सी बात पर क्षुब्ध हो जाता है। चालक ने गाड़ी चलाने के दौरान ऐसा कुछ कहा जिससे गुस्सा लगा तो कैंची से चालक श्रवण पाठक पर हमला कर दिया। उसकी निशानदेही पर खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए। उधर, घटना के बाद मृत चालक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि हत्या होने के 12 घंटे के अंदर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। हत्यारोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।