निचलौल। शहर के घोड़हवा वार्ड से मंगलवार को एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। एक युवक के मौत मामले में मां, पिता और भाई समेत चार लोगों पर पुलिस ने मंगलवार को हत्या का केस दर्ज किया। मृत युवक की पत्नी न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में वाद दाखिल कर न्याय की गुहार लगाई थी।
शहर के घोड़हवा वार्ड निवासनी सुनीता देवी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के दाखिल वाद में बताया है कि सास द्रौपदी देवी ने अपनी जमीन देवर दुर्गेश को बैनामा कर दिया था। इस बात को लेकर उन लोगों में अक्सर कहासुनी होती रहती थी। पति विक्की चौधरी सास और अन्य परिजनों से अपने हिस्से की जमीन बैनामा करने की मांग कर रहे थे। आरोप है कि इससे ससुराली नाराज रहते थे।
पीड़िता का आरोप है कि सात अगस्त 2024 को वह खेत गई थी। इसी बीच सास, ससुर, देवर सहित एक अन्य व्यक्ति ने पति विक्की को घर पर अकेला देख मुंह में कपड़ा ठूंसकर मारपीट कर हत्या कर दी और शव छत के ऊपर बने टीनशेड में लटका दिया। वह घर पहुंची और चीखने चिल्लाने लगी। आसपास के लोग जुटे तो ससुराल वालों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस पति विक्की के शव को कब्जे में ले लिया और जांच के बाद आरोपियों पर जांच के बाद कार्रवाई की बात कही, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार, न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर मृत विक्की चौधरी के आरोपी मां द्रौपदी देवी, पिता घनश्याम, भाई दुर्गेश और एक अन्य विद्यावती देवी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।