आय से अधिक खर्च करेगी नगर पालिका
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। नगर पालिका सभागार में गुरुवार को बोर्ड की बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2019-20 के आय और व्यय के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में 2019-20 में आमदनी से अधिक खर्च के बजट को अनुमोदित किया गया। प्रस्तावित बजट में अनुमानित आय 1913.01 लाख रुपये बताई गई है जबकि 1929.65 लाख रुपये खर्च होने की बात कही गई है।
बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल ने की। अधिशासी अधिकारी राजेश जायसवाल की तरफ से वरिष्ठ लिपिक ने चालू वित्तीय वर्ष में कराए गए कार्यों की पुष्टि के लिए विवरण बोर्ड के समक्ष रखा। जिसे सभासदों ने पुष्टि की। इसके बाद नए प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2019-20 के अनुमानित आय 1913.01 लाख रुपये और 1929.65 लाख रुपये व्यय का बजट प्रस्तावित किया गया। इस पर चर्चा के बाद सदस्यों ने अनुमोदित कर दिया। सभासद रामबेलास यादव ने प्रस्ताव रखा कि आउट सोर्सिंग के माध्यम से जिन कर्मचारियों की तैनाती की गई है, उन्हें शासनादेश के अनुसार समान वेतन दिया जाना चाहिए। सभासद सिद्धार्थनाथ शुक्ला और अमितेश ने प्रत्येक वार्ड में 150 कूड़ेदान रखे जाने का प्रस्ताव बोर्ड में रखा। कहा कि इससे कूड़ा निस्तारण में सहूलियत होगी। कहा गया कि सफाई नायक कूड़ेदान रखने के लिए स्थान चिह्नित करके समक्ष अधिकारियों को बताएंगे। इससे घरों के आसपास कूड़ा एकत्र नहीं होने पाएगा। सभासद रामप्रीत ने सड़कों के किनारे पर और कूड़ेदान रखे जाने की मांग की। जाए। बैठक में शत्रुघन प्रसाद, रामप्रीत, संगीता, हीरमती, गामा मद्धेशिया, राजकुमार, अनिल वर्मा, प्रीति सिंह, दुर्गावती पांडेय, संतोष पटेल, राघवेंद्र मिश्र, जाहिदा, धर्मा देवी, चंद्रकला, रीता यादव, लालजी गुप्ता आदि मौजूद रहे।