फरेंदा। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर के टोला महाव में पुराने विवाद को लेकर एक युवक को रास्ते में रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम गोपालपुर के टोला महाव निवासी पन्नेलाल ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि गांव के ही खेमई पुत्र बलिकरन से उनका पुराना विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत थाने पर की गई थी। आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर आरोपी उन्हें तलाश रहा था।
25 अक्तूबर की शाम करीब सात बजे उनका बेटा रामचंद्र मोटरसाइकिल से सोनाबंदी बाजार से घर लौट रहा था। जब वह गोपालपुर और महाव के बीच बड़े पुल के पास पहुंचा, तो विपरीत दिशा से आए दो बाइक सवारों ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से पीटने लगे, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित के अनुसार, हमले के दौरान रामचंद्र ने हमलावरों में से दो की पहचान गांव के ही रहने वाले राजनरायन और रमाशंकर के रूप में की, जबकि दो अन्य अज्ञात थे। उसी रास्ते से गुजर रहे लौकही गांव निवासी रामरतन और रामलखन ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित पिता मौके पर पहुंचे और घायल पुत्र को घर ले आए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर राजनारायन, रमाशंकर और दो अन्य अज्ञात के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।