नौतनवा। थाना क्षेत्र के संपतिहा चौकी अंतर्गत कंचनघाट के पास रविवार सुबह पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक को 1.350 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, संपतिहा चौकी प्रभारी जयप्रकाश सिंह और सहायक सेनानायक समरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी के जवान रविवार को सीमावर्ती क्षेत्र में कंचनघाट के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया। संदेह होने पर जवानों ने उसे रोककर उसके पास मौजूद झोले की तलाशी ली। झोले में प्लास्टिक के थैले के अंदर गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अमरनाथ चौधरी निवासी पिपरा मौनी, थाना फरेंदा, महराजगंज बताया। टीम ने गांजा और बाइक को कब्जे में लेते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई के लिए थाने पहुंचाया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि अमरनाथ चौधरी के कब्जे से 1.350 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। उसकी बाइक सीज कर दी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में चालान किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।