परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा अमवा में बृहस्पतिवार को दोपहर जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में एक महिला और उसकी दो बेटियां घायल हो गईं। घटना से गांव में तनाव का माहौल बन गया है। अमवा निवासी किरन ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि दोपहर करीब 12 बजे जमीनी विवाद को लेकर पटीदार जयंत्री, करन, अर्जुन और रीता उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में किरन, उनकी बेटी सुधा और शिखा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मारपीट की सूचना पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह सभी को हमलावरों से बचाया। बाद में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।