मकर संक्रांति आज, जुटेंगे एक लाख से अधिक श्रद्धालु
चौक बाजार। मिनी गोरक्षनाथ मंदिर के रूप में में मशहूर चौक मंदिर में रविवार को श्रद्धालु खिचड़ी चढ़ाएंगे। श्रद्धालु मेले का भी आनंद भी लेंगे। मंदिर प्रबंधन ने पहले दिन एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। मेले की तैयारियों को पूरा करा लिया गया है।
नगर पंचायत चौक में स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर प्रांगण में गुरु गोरक्षनाथ को भोर में चार बजे से खिचड़ी चढ़ाई जाएगी। पहली खिचड़ी मंदिर के पुजारी फलाहारी बाबा चढ़ाएंगे। उसके बाद मंदिर का दरवाजा आम श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा। फलाहारी बाबा ने कहा कि सच्चे मन से खिचड़ी चढ़ाने वाले भक्त की बाबा मनोकामना अवश्य पूरी करते हैं।
श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे स्काउट-गाइड
श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज तथा स्थानीय महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजन तथा स्काउट के स्वयंसेवक सहायता में लगाए गए हैं।
स्वास्थ्य टीम तैनात, सफाई पर भी जोर
सीएचसी के चिकित्साधिकारी रामस्वरूप सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य टीम अलर्ट मोड में है। किसी भी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। ईओ दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि ठंड को देखते हुए अलाव की व्यवस्था की गई है। सफाई कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
छह स्थानों पर हुई बैरिकेडिंग, प्रशासन अलर्ट
क्षेत्राधिकारी रामबली मौर्य ने बताया कि मेले में छह स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। बैरिकेडिंग वाले स्थानों के पास वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी घूमते रहेंगे। मेले में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
रिडी नदी में डुबकी लगाएंगे श्रद्धालु
भैरहवा। पाल्पा जिले में स्थिति रिडी नदी में मकर संक्रांति के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु डुबकी लगाएंगे। तानसेन के नगर पालिका प्रमुख संतोष लाल श्रेष्ठ का कहना है कि नेपाल के गुल्मी, सियांग्जा, नवलपरासी, रूपन्देही, कपिलवस्तु, अर्घाखांची, कास्की, काठमांडू, पोखरा सहित भारत के भी विभिन्न जिलों से लोग यहां पहुंचेंगे।
गोपालपुर में भी तैयारी पूरी
ठूठीबारी। नेपाल के नवल परासी जिले के गोपालपुर स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रांति की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। व्यवस्थापक राममूरत वर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर को सजाने के साथ ही मनोरंजन के लिए सर्कस, झूला, चरखी व दंगल की भी व्यवस्था की गई है।
कपड़े की दुकानों पर उमड़ी भीड़
खिचड़ी के मद्देनजर शनिवार को नगर में कपड़े की दुकानों पर भीड़ रही। महिलाएं साड़ी खरीदती दिखीं, जबकि युवाओं ने रेडीमेड कपड़े पर अधिक जोर दिया। दुकानदार संतोष गोयनका ने बताया कि अन्य दिनों की तुलना में शनिवार को ज्यादा ग्राहक पहुंचे। रेडिमेड वस्त्र विक्रेता आकाश ने बताया कि युवाओं में रेडिमेड कपड़े का क्रेज है।
बच्चों ने पतंग की खरीदारी में दिखाई रुचि
नगर में पतंग के दुकानों पर बच्चों की भीड़ रही। कोई पिता के साथ नजर आया तो कोई बड़े भाई व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ था। आयुष, किशना, आरोही समेत अन्य बच्चों ने कहा कि बिना पतंगबाजी के मकर संक्रांति का उत्सव बेकार होगा।