महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा विभाग और जिला विद्यालय निरीक्षक की सक्रियता से जनपद में इंस्पायर अवार्ड के नामांकन का आंकड़ा सम्मानजनक 500 से अधिक पूरा हो गया है। 751 स्कूल जनपद के ऐसे भी हैं जिन्होंने इस अवार्ड के नामांकन में लगातार जागरूकता कार्यक्रमों के बाद भी रुचि नहीं दिखाई।
नामांकन के प्रति उदासीनता बरतने वाले स्कूलों के विरुद्ध माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग कार्रवाई की तैयारी में है। विज्ञान के प्रति बच्चों की रुचि और नवाचार बढ़ाने के लिए इंस्पायर अवार्ड का अलग महत्व है। इस अवार्ड के लिए चयनित अन्वेषी माडलों के लिए सरकार की ओर से धनराशि का भी प्रावधान है।
अवार्ड के नामांकन के लिए बेसिक के कंपोजिट, पूर्व माध्यमिक व माध्यमिक के जूनियर हाईस्कूल के विद्यार्थियों की ओर से विज्ञान माडल के लिए बेहतर आइडिया देने वाले बच्चों का नामांकन स्कूलों को करना था। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से लगातार स्कूल के प्रधानाचार्यों को वार्ता कर जागरूक किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने तीन चरण में प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर उन्हें प्रेरित भी किया, जिसका परिणाम रहा कि जनपद के 170 स्कूलों ने रुचि दिखाते हुए नामांकन को 500 से अधिक पहुंचाया। इसमें सर्वाधिक नामांकन घुघली ब्लाॅक के स्कूलों का है, जिनकी संख्या 41 है। इसी के साथ 750 स्कूल ऐसे भी हैं जिनके ऊपर जागरूकता का कोई असर नहीं हुआ और इन स्कूलों से अवार्ड के लिए नामांकन में रुचि नहीं दिखाई गई।ी