महराजगंज। ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) की प्रक्रिया को पारदर्शी और मानक आधारित बनाने के लिए चौपरिया में शुरू किया गया सेंसरयुक्त ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। अभ्यर्थियों ने ट्रैक संचालक पर मनमानी और जानबूझकर फेल करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को एआरटीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद फेल होने वालों की संख्या 60 प्रतिशत से अधिक हो गई है। सेंसर इतने संवेदनशील हैं कि वाहन का टायर हल्का सा भी निर्धारित लाइन पर आने से अभ्यर्थी को फेल कर दिया जाता है। कई अभ्यर्थी तीन-तीन बार टेस्ट देने के बावजूद सफल नहीं हो पा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ट्रैक पर प्रशिक्षण के नाम पर निजी वसूली की जा रही है। उनका कहना था कि केंद्र से प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थियों को पास कर दिया जाता है, जबकि बाहर से तैयारी करके आने वालों को फेल कर दिया जाता है।