आज विदा होगा माह-ए-रमजान, कल शव्वाल माह
महराजगंज। बृहस्पतिवार को चांद नहीं दिखने के कारण प्रेम व भाईचारे का त्योहार ईद कल मनेगी। आज मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज पढ़ी जाएगी। माह-ए-रमजान आज अलविदा होगा। कल से शव्वाल की पहली तारीख होगी जिसमें ईद मनाई जाएगी।
ईद के मद्देनजर अलविदा जुमा नमाज तो कल ईद की नमाज ईदगाह व सामूहिक रूप से मस्जिदों में पढ़ी जाएगी। सिविल लाइन निवासी व मदरसा प्रबंधक नूरुल हुदा ने बताया कि रमजान का पूरा महीना इस्लाम को मानने वालों के लिए इबादत में बीतता है। धर्मावलंबी दिन में रोजा (उपवास) रखकर पांच वक्त की नमाज अता कर गुनाहों की माफी मांगते हैं। पूरे एक माह यह क्रम निरंतर बना रहता है। रमजान की 30 वीं रात को चांद रात भी कहते हैं।
बृहस्पतिवार को चांद न दिखने के कारण ईद अब कल मनाई जाएगी। चांद रात न होने के बाद भी बृहस्पतिवार लोग ईद के इंतजाम में जुटे देखे गए। देर शाम तक बाजार गुलज़ार रहे। सेंवई के साथ फलों की बिक्री खूब दिखी।