संतकबीरनगर। पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके कब्जे से झपटमारी के दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की है। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के विद्यानगर पुरानी तहसील निवासी देवेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक जून को बरदहिया सब्जी मंडी रोड पर हॉस्पिटल की ओर जाते समय अज्ञात युवक ने उनके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने बृहस्पतिवार को नेशनल हाईवे की सर्विसलेन से औद्योगिक क्षेत्र श्मशान रोड के पास से सूरज यादव निवासी समदहा, थाना बखिरा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से झपटमारी के दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों के मोबाइल झपट लेता था। एक जून को सब्जी मंडी रोड पर एक व्यक्ति से मोबाइल झपटा था।