संवाद न्यूज एजेंसी सिसवा बाजार। स्थानीय आईपीएल चीनी मिल का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सिसवा विधानसभा के विधायक प्रेमसागर पटेल द्वारा किया गया। पांच केंद्र व गेट गन्ना तौल केंद्र स्थापित कुल 35 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य निर्धारित है।
इंडियन पोटाश लिमिटेड के सिसवा चीनी मिल परिसर मे सत्र शुभारंभ का कार्यक्रम हुआ जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे विधायक प्रेमसागर पटेल व चीनी मिल के यूनिट हेड संदीप पंवार ने विधिवत डोंगा पूजन किया। इसके बाद डोंगे में अतिथियों द्वारा गन्ना डाल कर पेराई सत्र का शुभारंभ किया गया।
विधायक ने किसानों से केंद्र व प्रदेश सरकार की गन्ना नीति व किसानों के हित में किए गए कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि आईपीएल चीनी मिल समय से गन्ना मूल्य भुगतान करेगी और सभी किसानों के गन्ना पेरने के बाद ही बंद होगी।
वही, आईपीएल चीनी मिल के यूनिट हेड संदीप पंवार व गन्ना प्रबंधक धीरज सिंह ने बताया कि इस मिल की प्रतिदिन पेराई की क्षमता 25000 क्विंटल है। वर्तमान सत्र में लखनऊ गन्ना आयुक्त के तरफ से 35 लाख क्विंटल गन्ना पेराई करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।