महराजगंज। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारद्वाज ग्रामोद्योग सेवा संस्थान को मिशन ज्योति परियोजना के लिए मारुति इको एंबुलेंस प्रदान किया था। भारतीय स्टेट बैंक के सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत मिले एंबुलेंस से ग्रामीण क्षेत्र के गरीब व असहाय बुजुर्गों के इलाज में मदद मिलेगी। नेत्र रोग से संबंधित समस्याओं को दूर कराया जाएगा।
भारद्वाज ग्रामोद्योग सेवा संस्थान के सचिव विमल पांडेय ने बताया कि 32 वर्षों से कार्यरत भारद्वाज ग्रामोद्योग सेवा संस्थान के सामाजिक कार्यों को देखते हुए सामाजिक सहायता के अंतर्गत एक एंबुलेंस मिली है। मिशन ज्योति परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक गांव के अंदर नेत्र परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे, बुजुर्ग महिलाओं को चश्मा बनवाकर दिया जाएगा। जिन बुजुर्ग महिलाओं को मोतियाबिंद हो चुका है, उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाकर आंखों का ऑपरेशन कराया जाएगा। जल्द ही ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र परीक्षण शिविर प्रारंभ कर दिए जाएंगे। यह एंबुलेंस गरीब व असहाय लोगों के लिए वरदान साबित होगा।