मानदेय के लिए आशा कार्यकर्ताओं ने दिया ज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। आशा कार्यकत्री एसोसिएशन ने प्रोत्साहन राशि की बजाय मानदेय दिए जाने की व्यवस्था लागू करने सहित अन्य मांगों के समर्थन में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के समक्ष धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने एडीएम को चार सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन देकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
जिलाध्यक्ष जमीरून निशा ने बताया कि संगठन की ओर से आशा और आशा संगिनी को प्रति माह मानदेय दिए जाने, संगिनी की भर्ती करने, उन्हें राज कर्मचारी घोषित करने, दुर्घटना बीमा का लाभ देने के लिए आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनवरी माह में सरकार की तरफ से मानदेय दिए जाने का आश्वासन दिया गया था लेकिन इस संबंध में शासनादेश जारी नहीं किया गया। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को मानदेय दिए जाने की व्यवस्था प्रदेश में लागू किए जाने की मांग की। जिला संयोजक जयराम भारती ने कहा कि आशा कार्यकर्ता पूरी लगन से स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने का कार्य करती हैं, लेकिन उनके हित के प्रति सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर पूनम देवी, साधना तिवारी, साधना मिश्रा, कालिंदी, सरस्वती, विमला, सुनीता, रीता, ज्ञानती, हिना, राजू चौधरी, प्रमोद आदि मौजूद रहे।