विशुनपुर गबडुआ के स्मारक स्थल पर ग्रेनाइट लगवाया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के विकास को लेकर सरकार गंभीर है। जिले के ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र में जो भी विकास कार्य अपूर्ण हैं उन्हें समयसीमा के अंदर पूरा कराया जाए। योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने पर विशेष जोर दिया जाए।
ये बातें जिले के प्रभारी व प्रदेश के युवा कल्याण एवं पंचायती राज विभाग मंत्री उपेंद्र तिवारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में कही। पशुपालन विभाग के जिम्मेदारों से भी गोआश्रय व कांजी हाउस में संरक्षित पशुओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और बेहतर व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों व सेनानियों का सम्मान करना सभी का धर्म है। सरकार ने इन्हें सदैव सम्मान देने का कार्य किया है। आगे भी सम्मान देने की दिशा में कदम उठाने के लिए संकल्पित है। जिले के सभी शहीदों के ग्रामों में सरकार द्वारा सुविधाओं का विकास किया जाएगा। विशुनपुर गबडुआं के स्मारक स्थल पर ग्रेनाइट भी लगवाया जाएगा। इस दौरान विधायक ज्ञानेंद्र सिंह व जयमंगल कन्नौजिया, जिलाध्यक्ष परदेशी रविदास, जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार, सीडीओ पवन अग्रवाल, एडीएम कुंजबिहारी अग्रवाल, डीडीओ जगदीश त्रिपाठी, सभी एसडीएम व नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आदि मौजूद रहे।
--------------
धनेवा में बनेगा छह स्वीट का निरीक्षण भवन
प्रभारी मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि धनेवा स्थित डांक बंगले के बगल में छह स्वीट के निरीक्षण भवन की स्थापना के लिए अतिशीघ्र प्रस्ताव तैयार करें। प्रस्ताव में 100 से 150 व्यक्तियों के बैठने के लिए एक बड़े हाल के निर्माण को भी सम्मिलित किया जाए।