लापरवाही पर 11 एएनएम को चेतावनी
सदर सीएचसी सभागार में हुई समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सदर सीएचसी सभागार में गुरुवार को एएनएम के पांच माह के कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें बच्चों के टीकाकरण सहित अन्य योजनाओं में खराब प्रगति मिलने पर 11 एएनएम को चेतावनी दी गई।
सदर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से संचालित पूर्ण टीकाकरण, परिवार नियोजन, दस्तक अभियान, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई। जिसमें सवरेजी, लखिमा थरूआ, धनेवा, सिसवनियां, नेतासुरहुरवां, मटिहनियां, कर्महा, बागापार, रसुलपुर, रमपुरवां, रम्हौली की एएनएम की प्रगति खराब मिली। जिन्हें एक माह में कार्य में सुधार लाने की चेतावनी दी गई। अगली समीक्षा बैठक में सुधार नहीं मिलने पर संबंधित एएनएम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने टीकाकरण के बारे में जानकारी दी। ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि किसी भी योजना को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए आशा, एएनएम का योगदान अहम होता है। उन्होंने योजनाओं के संचालन व रिपोर्ट को ऑनलाइन भरने के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर साधना, मीरा मौर्य, पुनीता, कंचन, उषा, पुष्पा आदि एएनएम मौजूद रहीं। इस दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 15 सितंबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।