नगर पालिका बोर्ड की बैठक में उपस्थित सभासद।
- फोटो : MAHARAJGANJ
संपत्ति बचाने में गंभीरता नहीं दिखी तो बोर्ड बैठक का होगा बहिष्कार
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। नगर पालिका बोर्ड की शुक्रवार को हुई बैठक में वीरबहादुर नगर के सभासद ने चेतावनी दी कि पालिका प्रशासन ने यदि उनके वार्ड में स्थित अपने पुराने कार्यालय (संपत्ति) को बचाने के लिए गंभीरता नहीं दिखाई तो अगली बैठक का बहिष्कार करेंगे। यह आरोप भी लगाया कि जिम्मेदार इस तरफ से ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिसके चलते क्षेत्र के लोग उनसे सवाल पूछ रहे हैं। उनकी इस बात पर अन्य सभासदों ने भी मामले का अविलंब निस्तारण कराने पर जोर दिया। बैठक में नगर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए नई जेसीबी खरीदे जाने का निर्णय भी लिया गया। कहा गया कि पुरानी जेसीबी को लोडर के रूप में प्रयोग किया जाएगा।
चिउरहां के सभासद रामबेलास यादव ने स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के नोडल अधिकारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया। कहा कि शासन ने उन्हें स्वच्छता से जुड़े काम के लिए रखा है मगर आज तक उन्होंने किसी वार्ड में पहुंचकर स्वच्छता की दिशा में पहल नहीं की है। सरोजनी नगर के सभासद राघवेंद्र मिश्र ने सड़क उच्चीकरण में पैदा होने वाली समस्याओं के निराकरण की मांग की। शास्त्री नगर के सभासद संतोष पटेल ने छठ घाट की मरम्मत की मांग की। पड़री वार्ड के सभासद महेंद्र ने वार्ड में विवाह भवन बनवाने, जयप्रकाश नगर के सभासद अनिल वर्मा ने जयप्रकाश नगर कंजड़ बस्ती में पोखरी का सुंदरीकरण कराने की मांग की। जिस पर बोर्ड ने धन की उपलब्धता के मुताबिक कार्य कराने पर सहमति प्रदान की। राजीव नगर के सभासद डॉ. सिद्धार्थनाथ शुक्ल ने नगरीय सुविधाओं में सुधार पर जोर दिया।
अधिशासी अधिकारी राजेश जायसवाल ने कहा कि समस्याओं के निस्तारण में कोई शिथिलता नहीं बरती जाएगी। वरिष्ठ लिपिक मु. शमीम, अमितेश गुप्ता, राजीव कुमार, राजकुमार, रामप्रीत समेत अन्य सभासदों ने भी अपनी बातें रखी। नगर पालिका परिसर में तय कार्यक्रम के मुताबिक बोर्ड सदस्यों की मौजूदगी में विभिन्न बोर्डों से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में 90 फीसदी से अधिक अंक पाकर उत्तीर्ण 63 मेधावियों को सम्मानित किया गया।