सदर ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते पीडी।
- फोटो : MAHARAJGANJ
बैठक से गैरहाजिर पांच ग्राम प्रधानों को नोटिस
महराजगंज। सदर ब्लॉक सभागार में रविवार को पीडी राजकरन पाल ने सदर ब्लॉक के ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और रोजगार सेवकों के साथ बैठक की। इसमें गांवों में साफ-सफाई, पौधरोपण के लिए गड्ढ़ा खोदे जाने में हुई प्रगति की जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन के लक्ष्य को एक सप्ताह में पूरा करने की हिदायत दी। बैठक से गैरहाजिर पांच ग्राम प्रधानों को नोटिस भेजने का निर्देश दिया।
पीडी बैठक में शामिल लोगों सेे एक सप्ताह के अंदर सभी गांवों में नालियों की सफाई, अधूरे पड़े शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा कराने की हिदायत दी। कहा कि ग्राम पंचायतों में पौधरोपण के लिए लक्ष्य के सापेक्ष गड्ढे तैयार कराएं। साथ ही मनरेगा के तहत लक्ष्य के अनुसार मानव दिवस का सृजन करने की हिदायत भी दी। कहा कि संचारी रोग अभियान के तहत गांवों में झाड़ियों के कटान और मच्छरों से बचाव के लिए कीटनाशकों का छिड़काव जरूरी है। ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके। उन्होंने ग्राम सेवकों को प्रतिदिन पौधरोपण के लिए गड्ढा तैयार कराकर रिपोर्ट भेजने को कहा। ताकि सभी गांवों में लक्ष्य के सापेक्ष पौधरोपण किया जा सके। उन्होंने अशोक, आंवला, पीपल, बरगद और बेल के पौधे लगाने से होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गांव में पेंशन पंचायत का आयोजन कर लाभार्थियों के सत्यापन का कार्य जल्द पूरा कराएं। इसके अलावा गांव में जो लोग पेंशन के लिए जो पात्र हैं, उनका ऑनलाइन आवेदन कराने की हिदायत भी दी। ताकि पात्र लोगों को पेंशन संबंधी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि बैठक से गैरहाजिर सराय खुटहां, बड़हरा रानी, सिसवनिया, बैजनाथपुर कला, महुअवां के ग्राम प्रधान को नोटिस भेजकर जवाब तलब करने को कहा गया है। इस मौके पर एडीओ पंचायत प्रद्युम्न प्रजापति, एडीओ समाज कल्याण विवेक चंद्र पटेल, एडीओ एजी जयप्रकाश, ग्राम पंचायत सचिव व रोजगार सेवक मौजूद रहे।