महराजगंज। जिले में मेडिकल स्टोर, मिठाई व राखी की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकानें रविवार को बंद रहीं। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस सतर्क रही। बिना मास्क आने-जाने वालों से शमन शुल्क वसूला गया।
शहर में सक्सेना चौक पर पुलिस जांच में जुटी रही। वाहन चालकों को हेलमेट के साथ साथ मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर बिना मास्क वालों से जुर्माना भी वसूला। निचलौल, ठूठीबारी, झुलनीपुर, लक्ष्मीपुर, बरगदवां, परसामलिक, नौतनवां, सोनौली, फरेंदा समेत अन्य स्थानों पर दुकानें बंद रहीं।
अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार ने बताया कि पुलिस टीम अपने-अपने थाना क्षेत्रों में बिना मास्क घूमने तथा सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने पर 112 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। मास्क न लगाने वाले 258 व्यक्तियों से 25800 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।