महराजगंज। रंगों का त्योहार होली अभी छह दिन शेष है, लेकिन होली का खुमार बाजार पर अभी से चढ़ने लगा है। मुख्यालय से लेकर ग्रामीण चौराहों तक अबीर गुलाल की दुकानें सजने लगी हैं। इस बार तरह-तरह के सुगंध वाले गुलाल अलग खुश्बू फैला रहे हैं।
वहीं सामान्य रंगों की जगह इस बार हर्बल रंग त्योहार में त्वचा का भी ख्याल रखेंगे। अबीर गुलाल और पिचकारी का कारोबार जिले में 25 लाख रुपये तक होने का अनुमान है। वहीं फटे पुराने कपड़ों में होली खेलने की जगह 100 से 150 रुपये की रेंज में हाफ लोअर और टीशर्ट की उपलब्धता है।
होली नजदीक आने के साथ ही बाजार का रंग चढ़ रहा है। रंग-गुलाल से लेकर पिचकारी से बाजार सजने लगा है। बच्चों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह की पिचकारियां बाजार में आई हैं।
बाजार में 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक की पिचकारियां उपलब्ध हैं। बच्चों को सबसे ज्यादा म्यूजिकल पिचकारियां लुभा रही हैं। मिसाइल और वाटर टैंक पिचकारी भी पसंद की जा रही हैं। सक्सेना चौक और हनुमान गढ़ी मोड़ के आसपास रंग, गुलाल और पिचकारी की दुकानें सजने लगी हैं।
करोबारी संतोष निगम ने बताया कि पिचकारी और रंग-गुलाल गोरखपुर से मंगाया है। नए आकार वाली पिचकारी, हर्बल रंग और अलग-अलग खुश्बू वाले गुलाल इस बार आए हैं।