महराजगंज जिले में श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल बाजार में मंगलवार देर रात लगभग दो बजे तेज रफ्तार ट्रक से बोलेरो टकरा गई। बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार आठ यात्री घायल हो गए। घायलों को सीएचसी परतावल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज से परतावल की तरफ जा रहा बोलेरो परतावल बाजार में पहुंची। हॉस्पिटल रोड की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दिया। टक्कर इतना जबरदस्त था कि बोलेरो दस मीटर घसीटते हुए जाकर बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे बिजली का पोल भी टूट गया।
इसे भी पढ़ें: छेड़खानी का विरोध करने पर बीए की छात्रा की हत्या, बचाव में आए दिव्यांग चाचा को पीटा
इस घटना में बोलेरो सवार गोरखपुर के चिलुआताल क्षेत्र निवासी सुग्रीम (38), सोहन (25), सूरज (25), राकेश (50), रितेश (27), मोहन (24), विजय (26), विजय (38) आदि घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष रामाज्ञा सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में आठ लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।