1,29,405 श्रमिकों को आधार से जोड़ने की होगी पहल
- 3,84,423 श्रमिकों में आधार से जुड़े हैं 2,55,018 श्रमिक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में बिना आधार कार्ड के वर्तमान में कुल 1,29,405 श्रमिक कार्य कर रहे हैं। बिना आधार के कार्य करने वाले श्रमिकों को आधार से जोड़ने की दिशा में जिम्मेदारों द्वारा सार्थक पहल की जाएगी।
मनरेगा योजना के तहत प्रत्येक परिवार का कार्ड बनाते हुए श्रमिकों को रोजगार से जोड़ा जाता है। मुखिया के नाम से कार्ड बनाकर परिवार में कार्य करने वाले अन्य लोगों को भी मांग के मुताबिक रोजगार उपलब्ध कराया जाता है। परिवार के जिन अन्य सदस्यों को रोजगार दिया जाता है उनका भी श्रमिक के रुप में आधार दर्ज किया जाता है। वर्तमान में जिले में कुल 3,84,423 श्रमिक मनरेगा में पंजीकृत हैं जिसमें से 2,55,018 श्रमिकों को आधार से जोड़ा जा चुका है, शेष 1,29,405 श्रमिकों को आधार से जोड़े जाने की कवायद की जानी है। उपायुक्त श्रम व रोजगार अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि बिना आधार मनरेगा में कार्य करने वाले श्रमिकों का आधार कार्ड लिंक कराया जाएगा, जिससे कि शत-प्रतिशत वास्तविक श्रमिकों का ब्यौरा मौजूद हो।