मकर संक्रांति: श्रद्धालुओं ने चढ़ाई खिचड़ी
चौक बाजार में भोर से शाम तक लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता
महराजगंज। मिनी गोरक्षनाथ मंदिर के रुप में जिले में मशहूर चौक बाजार में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने रविवार की भोर से लेकर शाम तक आस्था की खिचड़ी चढ़ाई। खिचड़ी चढ़ाने के बाद लोगों ने पूजा की तथा उसके बाद परिवार के सदस्यों के साथ मेले का भी आनंद उठाया।
मकर संक्रांति के अवसर पर चौक बाजार में प्रति वर्ष रौनक बढ़ती है। इसबार भी पर्व को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने शनिवार की शाम तक सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया था। रविवार की भोर में चार बजे मंदिर के पुजारी फलाहारी बाबा ने मंदिर में स्थापित भगवान शंकर की प्रतिमा के समक्ष पूजा कर उन्हें पहली खिचड़ी चढ़ाई। इसके बाद लोगों की ओर से खिचड़ी चढ़ाने का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह देर शाम तक जारी रहा।
खिचड़ी चढ़ाने पहुंचे पुरुषों व महिलाओं को असुविधा से बचाने के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से दो लाइन बनवाई गई थी। बार-बारी से एक-एक कर लोग वहां आने लगे तथा भगवान शंकर का दर्शन कर खिचड़ी चढ़ाई। इसके बाद मंदिर परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं की भी पूजा की।
पूजा के बाद लोगों ने मेले का उठाया आनंद
पूजा के बाद लोगों ने मंदिर परिसर में लगे मेले का आनंद लिया। वहां चल रहे सर्कस, झूले व मनोरंजन के अन्य माध्यम को देखने के लिए युवा वर्ग काफी उत्साहित दिखा। परिवार संग मेले में पहुंचे छोटे बच्चों ने जहां मिठाई व खिलौने के दुकान पर खरीदारी में रुचि दिखाई, वहीं महिलाओं की पसंद सौंदर्य प्रसाधन की दुकान बनी।