महराजगंज। जिला होटल व रिसॉर्ट का हब बन रहा है। इंवेस्टर्स समिट में साइन हुए एमओयू के बाद से पयर्टन सुविधाएं बढ़ रही हैं। अब तक 50 करोड़ से अधिक का निवेश हो चुका है। तीन बड़े होटल एवं रिसॉर्ट बनकर तैयार हो गए हैं। एक माह के अंदर ये संचालित भी हो जाएंगे। इससे पर्यटन कारोबार को पंख तो लगेगा ही साथ ही आसपास के लोगों को रोजगार भी मिलेगा। नेपाल जाने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए महराजगंज रूकने का उत्तम स्थान होगा।
पर्यटकों के लिए कप्तानगंज मार्ग पर पटखौली के पास 22 करोड़ रुपये की लागत से रिसार्ट बना है। करीब पांच एकड़ भूमि में फैले रिसाॅर्ट में पर्यटकों की सुख-सुविधाओं के लिए बेहतर व्यवस्था है। वाटर पार्क, स्वीमिंग पुल, कमरे, रेस्टोरेंट है। नौकायन की भी सुविधा जल्द मिलेगा। गुजरे वक्त की बात करें तो यह क्षेत्र रिसॉर्ट बनने के पहले सुनसान रहता था। अब चहल-पहल बढ़ गई है। अभी पर्यटक नहीं आ रहे हैं, लेकिन आसपास के लोग देखने जरूरत आते हैं। पटखौली के धीरेंद्र ने बताया कि आने वाले दिनों में चहल पहल बढ़ी तो क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
शहर में बैकुंठपुर से आगे गौनरिया बाबू के पास हाईवे के किनारे होटल एवं रिसॉर्ट बन रहा है। पांच करोड़ की लागत से बनने वाले होटल-रिसॉर्ट में आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। रेस्टोरेंट, स्विंगपूल, शॉपिंग के लिए दुकान भी रहेंगी। सिनेमाहाल भी रहेगा। करीब 40 प्रतिशत काम हो चुका है। लगभग एक साल में जिले को एक बेहतरीन रिजॉर्ट होटल मिल जाएगा। शहर में काशीराम आवास से करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बने रिसॉर्ट में बेहतर सुविधा हैं। वर्ष 2020 में बनना शुरू हुआ था, अब यह संचालित हो रहा है। 100 लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं। पर्यटन को ध्यान में रखते हुए बुनियादी जरूरतों को बेहतर किया गया है।
शहर के नए हिस्से में जुड़े महुअव ढाला पहुंचने पर एक स्क्रीन का सिनेमाहाल दिखा। वर्तमान में यह संचालित हो चुका है। अभी मॉल तैयार हो रहा है। महायोजना के तहत यहां भी नक्शे की दिक्कत है। होटल के अलावा 2024 में तीन स्क्रीन का सिनेमाहाल और माल बनकर तैयार हो जाएगा। जहां हर तरह की सुविधा उपलब्ध रहेगी। लगभग 10 करोड़ रुपये बन कर तैयार होगा।
शहर के फरेंदा रोड पर टेढ़वा कुटी के पास थ्री स्टार होटल बनकर तैयार हो चुका है। होटल के बाहर रंगाई-पुताई चल रही है। इसको आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया गया है। यहां 100 लोगों को रोजगार भी मिलेगा। शहर के मऊपाकड़ मोहल्ले में 35,00 स्क्वायर फीट में सफारी होटल भी बन रहा है। पर्यटकों के लिए इसमें बेहतर सुविधाएं होंगी। जंगल सफारी में भ्रमण करने के लिए लोगों को यहां से सहूलियत मिलेगी। गौनरिया बाबू में रिसार्ट बन रहा है। एक एकड़ में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से इसे बनवाया जा रहा है। यहां करीब 250 लोगों को रोजगार मिलेगा।
-
काम तेजी से चल रहा है। एक साल के अंदर अत्याधुनिक होटल बनकर तैयार हो जाएगा। पहले यह सुविधा महराजगंज में नहीं थी। आने वाले दिनों में दिल्ली, मुंबई जैसी सुविधाएं पर्यटकों को मिलेंगी। पर्यटकों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
राकेश कुमार गुप्ता, कारोबारी
-
पर्यटन को देखते हुए जिले में होटल कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। इंवेस्टर्स समिट में साइन हुए एमओयू से कारोबार को गति मिली है। काम अब धरातल पर दिख रहा है। अत्याधुनिक होटल रिसॉर्ट बनकर तैयार हो चुका है।
-विजय पांडेय, कारोबारी
-
जिले में कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। आने वाले दिनों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। अत्याधुनिक होटल बने हैं। इंवेस्टर्स समिट में साइन हुए एमओयू से जिले में पर्यटन सुविधाएं बढ़ रही हैं। 10 होटल निर्माणाधीन हैं। इनपर 88 करोड़ का निवेश हुआ है। करीब 600 लोगों को रोजगार मिलेगा।
-अभिषेक प्रियदर्शी, उपायुक्त, उद्योग
कलेक्ट्रेट मोड़ के पास बन रहा होटल।