लक्ष्मीपुर। ग्राम पंचायत बरगदवा मधुबनी स्थित ओबा माई पोखरे में शनिवार को एक मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर इसकी सूचना वन विभाग को दी। यह क्षेत्र सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर रेंज अंतर्गत आता है।
जानकारी के अनुसार, पोखरे में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों की सूचना मिलते ही लक्ष्मीपुर रेंज की वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने मगरमच्छ को कब्जे में लेकर उसकी स्थिति का निरीक्षण किया। इसके बाद वन विभाग की टीम मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले गई। प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी आलोक मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ है।
ग्रामीणों के सहयोग से उसे जंगल के उपयुक्त प्राकृतिक आवास में सुरक्षित और सकुशल छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में कई बार वन्य जीव भोजन और पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों के करीब पहुंच जाते हैं। ऐसे में लोगों को घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।
प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीपुर आलोक मिश्र ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वन्य जीवों और वन संपदा का संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है।