सोनौली। नेपाल में मधेशी समुदाय के साथ हो रहे भेदभाव और नागरिकता सम्बन्धी मुद्दे को लेकर तराई जिलों में आंदोलन जारी है। जनता समाजवादी मधेशी पार्टी के 6 दिनी विरोध प्रदर्शन क्रम में सोमवार को पांचवें दिन रूपनदेही जिले धकधई में प्रदर्शन किया गया। नेपाल के संविधान संशोधन सहित 28 मांगों को लेकर नेपाल मधेशी समुदाय के लोगों ने वृहद आंदोलन की चेतावनी दी।
जसपा के प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार यादव ने बताया कि सोमवार को रूपनदेही जिले के भैरहवा, मर्चवार, धकधई सहित नेपाल के सभी तराई जिलों में जनता समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सभा कर काला दिन मनाया और कहा कि सरकार उनके साथ बर्बरता कर रही है। संविधान में मधेशियों के साथ पूर्ण रूप से भेदभाव किया गया। उन्होंने सरकार से मांग की कि संविधान में संशोधन कर समावेशित समानुपातिक अधिकार सभी को दिया जाए। उन्होंने मांगों को नहीं मानने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी। आंदोलन के बाद सरकार ने आश्वासन देकर भी वादे पूरे नहीं किए। कार्यक्रम में केन्द्रीय सदस्य रीता यादव, जिल्ला अध्यक्ष सियाराम, बछु लाल केवट, राहुल यादव, कौसेन्द्र मिश्र, कलामुद्दीन खान ,बिस्नु अधिकारी, गोबिन्द कोहार, शिवा कुमार यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।