पनियरा। गैस उपभोक्ताओं की दिक्कतें कम नहीं हो पा रही हैँ। भोर से ही उपभोक्ता लंबी लाइन में लग जाते हैं लेकिन खाली हाथ लौटते हैं। इसे लेकर गैस एजेंसी के प्रति गुस्सा है। पनियरा ब्लॉक में करीब 500 गैस कनेक्शन धारी हैं। होम डिलिवरी के नाम पर प्रति सिलिंडर 20 रुपये लिया जाता है। जबकि होम डिलिवरी की जगह बभनौली चौराहे पर गैस पहुंचाया जाता है ।
रविवार को उपभोक्ताओं की लंबी लाइन भोर से ही लग गई थी। फिर भी उन्हें गैस नहीं मिल सकी। हेमछापर निवासी राजकिशोर ने बताया कि होम डिलिवरी के नाम पर शोषण हो रहा है। गिरगिटिया के रियाजुद्दीन और रतनपुरवा के जनार्दन निषाद तथा सोहास निवासी उदय भान ने बताया कि हम लोगों के घर से बभनौली काफी दूर है। होम डिलिवरी ले रहे हैं तो गैस घर तक पहुंचाया जाए। वसीम, इबारत विनोद, बलराम, शिवसहाय आदि ने ब्लॉक पर गैस देने की मांग की।
गड़ौरा में सीओ द्वारा बरामद रसोई गैस सिलिंडर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। भवन स्वामी को हिरासत में लेकर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई को उच्चाधिकारियों से जांच की अनुमति मांगी है। 31 दिसंबर की रात मुखबिर की सूचना पर सीओ ने गड़ौरा चीनी मिल गेट के सामने स्थित लक्ष्मी गुप्ता के मकान से 63 सिलिंडर मौके पर पकड़ा था। लक्ष्मी गुप्ता को हिरासत में लेकर कमरे को सील कर दिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। सिलिंडर उसके बड़े बेटे स्वामीनाथ के हिस्से वाले कमरे में रखा गया था। दो दिनों की जांच के बाद भी भवन स्वामी कागजात नहीं दिखा पाने की स्थिति में सीओ ने पकड़े गये अवैध सिलिंडर को ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को सुपुर्द कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी है।