महराजगंज। नौतनवा शहर का एक युवक दो करोड़ के लालच में 73 हजार रुपये गवां बैठा। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जालसाजों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। पीड़ित आकाश शर्मा निवासी वार्ड नंबर 17 राहुल नगर वार्ड नगर पालिका परिषद नौतनवा ने पुलिस को दिए गए तहरीर में बताया कि बीते 11 दिसंबर को दोपहर करीब 12 बजे उनके मोबाइल पर दो नंबरों से फोन आया था। बातचीत के दौरान फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम अजय बताया। उसने कहा कि मुंबई स्थित सेंट्रल बैंक में आपका खाता है। आपके नाम से एटीएम कार्ड भी है। आपके खाते में दो करोड़ रुपये आया है, लेकिन आप खाते को पांच लाख रुपये में बेच दिया है। इसके कारण यह दो करोड रुपये आपको नहीं मिला है।
ऐसे में उक्त दो करोड़ रुपये पाने के लिए आप अपने खाते से मेरे ओर से भेजे जा रहे डिटेल पर 50000 रुपये भेज दीजिए, क्योंकि जो दो करोड़ रुपये आपके खाते में भेजे गए हैं। उसमें कई सुधार करने हैं। उसी में यह रकम खर्च की जाएगी। इतना ही नहीं फोन करने वाले ने कई तरह के कानूनी कार्यवाही का हवाला भी दे रहा था।