यूरिया के लिए समिति पर लग रही लंबी कतार
नौतनवां (महराजगंज)। किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया न मिलने से परेशानी हो रही है। साधन सहकारी समितियों पर यूरिया आने की सूचना पर किसान सुबह से ही पहुंच कर लंबी कतार लगाकर खड़े हो जा रहे हैं। सोमवार को साधन सहकारी समिति लिमिटेड सिरसिया खास में यूरिया मिलने की सूचना पर भारी संख्या में किसान भारी संख्या में जुट गए।
साधन सहकारी समिति सिरसिया खास में यूरिया मिलने की सूचना पर सुबह से ही किसान लंबी कतार लगाकर यूरिया लेने के लिए खड़े रहे। किसान आगे बढ़ने की होड़ में धक्का-मुक्की कर रहे थे। लोगों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया नहीं मिल पा रही है। मध्यनगर गांव के किसान श्रीकांति ने बताया कि 4 बोरी यूरिया लेना है सुबह से ही कतार में लगे हैं। लेकिन अभी तक यूरिया नहीं मिल सकी है। मीना देवी ने बताया कि मध्यनगर से आयी हूं। 2 बोरी यूरिया की जरूरत है। भीड़ देखकर लगता है कि नहीं मिल पाएगा। उर्मिला ने बताया कि कोहड़वल गांव से आयी हूं। 3 बोरी यूरिया लेना है। पंडितपुर गांव की दुर्गावती ने बताया कि 3 बोरी यूरिया लेना है। भीड ज्यादा है। जितेन्द्र यादव बेनीपुरी ने बताया कि तीन बोरी चाहिए। सुबह से कतार में खड़ा हूं। लंबी लाइन है मिलने की उम्मीद कम है। इसके अलावा जिताई यादव ने बताया कि 10 बोरी यूरिया चाहिए लेकिन लंबी कतार लगी है। इसके अलावा त्रिलोकी, विनोद यादव, सीताराम, दुर्विजय, मंगरु, रामकुंडल यादव, गिरिजेश आदि किसान यूरिया के लिए लंबी कतार में खड़े रहे। साधन सहकारी समिति के सचिव नंदलाल यादव ने बताया कि 300 बोरी यूरिया खाद आई है। 2 से तीन बोरी यूरिया 266 .50 की रेट से किसानों को दिया जा रहा है।