अड्डा बाजार, दस दिन पूर्व आंधी के साथ बरसात के कारण क्षेत्र में कई विद्युत पोल गिर गए थे। इन्हें ठीक नहीं किया गया। इसका कारण दस दिनों से छह गांवों की बिजली गुल है।
दरअसल, दस मई की शाम को अड्डा और संपतिहां क्षेत्र में तेज आंधी और बरसात हुई थी।
जिसमें कई पेड़, विद्युत पोल गिरने के साथ ही काफी नुकसान हुआ था। दस दिन बीतने के बाद भी बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा कुछ स्थानों पर छोटी-छोटी खामियों को सुधार कर आपूर्ति शुरू करा दी गई। लेकिन जिन स्थानों पर पोल गिरे थे उसे नहीं ठीक कराया गया।
इससे क्षेत्र के छह गांव आज भी अंधेरे में हैं। रामबृक्ष गुप्ता, रामानुज मौर्य, अजय सिंह, विनय कुमार एवं विंध्याचल ने बताया कि बरवांकला, अराजी महुअवा, चौतरवा, चड़लहां नरकटहा, रगरगंज एवं चमैनिया उर्फ भेड़ही की बिजली दस दिनों से बाधित है।वहीं बिजली विभाग के अवर अभियंता शशिकांत गुप्ता ने बताया कि आंधी में बड़ी संख्या में पोल धराशाई हो गए थे। क्षेत्र के अनेक गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।
सिर्फ बरवांकला फीडर क्षेत्र के लिए साधन के अभाव में बुधवार को भी पोल नहीं लाए जा सके। बृहस्पतिवार शाम तक पोल बदलकर उन सभी गांवों की भी बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।