दस असलहाधारकों के लाइसेंस निरस्त
महराजगंज। पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन ने भी असलहाधारकों पर सख्ती शुरू कर दी है। फरवरी में दस लाइसेंस निरस्त किए गए हैं।
पंचायत चुनाव में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की तैयारी के क्रम में प्रशासन ने ऐसे असलहाधारकों को शस्त्र को सरेंडर करने के निर्देश दिए हैं। सरेंडर को लेकर दिखाई जा रही शिथिलता के मद्देनजर जिम्मेदारों ने फरवरी में दस असलहों के लाइसेंस को निरस्त कर दिया। इनमेें से सात लाइसेंस आपराधिक कारण दिखाते हुए निरस्त किए गए हैं। जबकि तीन लाइसेंस असलहाधारकों के अनुरोध पर निरस्त किया गया। डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव के दृष्टिगत फरवरी में दस असलहा धारकों के लाइसेंस को निरस्त किया गया है।
फरवरी में जिले के जिन सात व्यक्तियों के लाइसेंस को आपराधिक कारणों से निरस्त किए गए हैं उनमें बृजेश यादव, योगेंद्र वर्मा, जगदीश जायसवाल, राजेश उर्फ राजू मद्धेशिया, परशुराम निषाद, अरविंद श्रीवास्तव व रमेश मोदनवाल शामिल हैं। जबकि स्वयं के अनुरोध पर जिन तीन लोगों के लाइसेंस को निरस्त किया गया है उसमें निचलौल के खोम्हौरा के रामनरेश, बृजमनगंज के बंजरहा सोनबरसा के मकबूल अहमद एवं कोल्हुई के मैनहवा के निजामुद्दीन शामिल हैं।