- दर्जी को छोड़ किसी भी अन्य ट्रेड में नहीं मिले पूरे आवेदक, 25 सितंबर तक बढ़ी आवेदन की तिथि
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। शासन व प्रशासन जहां एक तरफ युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पहल कर रहा है, वहीं मानक के मुताबिक आवेदन के न आने से भी विभाग की मुश्किल बढ़ रही है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत कुल छह ट्रेडों में अभी भी मानक के मुताबिक पूरे आवेदक नहीं मिले हैं, जिससे एक बार फिर आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 25 सितंबर कर दी गई है।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत जिले में इस बार दर्जी, बढ़ई, नाई, मोची, टोकरी बुनकर, लोहार व राजमिस्त्री ट्रेड में कुल 925 आवेदकों को लाभान्वित करना हैं। इसमें से दर्जी के 350 लाभार्थियों को लाभान्वित करने के लिए कुल लगभग 1200 से अधिक आवेदन आए, जिसके लिए हुए साक्षात्कार में लगभग 900 लोग शामिल हुए। इसे छोड़ अन्य किसी भी ट्रेड में मानक के मुताबिक आवेदक नहीं मिले, ऐसे में विभाग को मानक पूरा करने के लिए एक बार फिर तिथि बढ़ाते हुए 25 सितंबर करनी पड़ी है। बढ़ई, लोहार, बुनकर, मोची, नाई व राजमिस्त्री के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
-
छह ट्रेडों के लिए मानक से कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। तिथि बढ़ाते हुए आवेदन को पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। इच्छुक लोग जल्द से जल्द आवेदन कर लाभ उठाएं।
अभिषेक प्रियदर्शी, उपायुक्त उद्योग