नौतनवा। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग लक्ष्मीपुर रेंज के टेढ़ी घाट बीट के जंगल में टेढ़ी घाट वन चौकी से 200 मीटर की दूरी पर झाड़ी में करीब 15 वर्षीय एक नर तेंदुआ मृत मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रेंजर तेंदुआ के शव को लक्ष्मीपुर रेंज कार्यालय लाए, जहां से गोरखपुर ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मीपुर रेंज के टेढ़ी घाट बीट के जंगल के पास बसे गांव दशरथपुर में सुबह करीब 4:30 बजे गांव की महिलाएं बाहर निकली थीं। गांव से सटे पुरानी रोहिन नदी जो सूखी है, इसमें तेंदुआ देखकर महिलाओं ने देखा तो शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद भी तेंदुआ भाग नहीं रहा था वह गिर जा रहा था। बताया गया कि तेंदुआ घायल था घाव में कीड़े पड़ गए थे। भीड़ देख तेंदुआ जंगल में चला गया और वन चौकी से लगभग 200 मीटर की दूरी पर झाड़ी में बैठ गया।
ग्रामीण जब वहां पहुंचे तो तेंदुआ गुर्राया तो लोग भागने लगे। तेंदुआ घायल होने से तेजी से चल नहीं पा रहा था। जानकारी मिलने पर वन रक्षक मनीष कुमार राणा, वन दरोगा अश्वनी पांडेय, वन रक्षक ब्रह्म दत्त विश्वकर्मा, वाचर बृजेश, मनोज कुमार भी पहुंच गए। उसके बाद तेंदुआ वहीं लेट गया और वहीं उसकी मौत हो गई।